समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जगतसिंहपुर बांध के पास की घटना
पुलिस और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मामला जगतसिंहपुर गांव के बांध/बाइपास रोड से जुड़ा है। Video 15 दिन पहले का बताया जा रहा है जबकि वायरल 23 सितंबर को हुआ है जिसमें एक लड़की अपने एक साथी के साथ वहां पहुंची थी। आरोप है कि कुछ युवकों ने दोनों को घेर लिया। युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट के बाद वह वहां से चला गया, जिसके बाद लड़की के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
समस्तीपुर पुलिस को सोशल मीडिया पेट्रोलिंग के दौरान वीडियो की जानकारी मिली। एसपी अरविंद प्रताप सिंह के अनुसार, पुलिस ने वीडियो की जांच कर घटनास्थल और आरोपियों की पहचान की। इसके बाद देर रात छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वीडियो बनाने और आगे भेजने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को भी जब्त किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के नाम राहुल कुमार, अवधेश पासवान, विकास कुमार और रामबाबू सहनी बताए गए हैं। पुलिस ने मामले में BNS, POCSO Act और IT Act की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
वीडियो शेयर करने से बचने की अपील
नाबालिग से जुड़े मामले में उसकी पहचान उजागर करने वाली तस्वीर, वीडियो या अन्य जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा करना उचित नहीं है। पुलिस ने भी वायरल वीडियो को आगे प्रसारित न करने की अपील की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें